मुरादाबाद में पहले सोमवार को स्कूल-कॉलेज बंद:कांवड़ यात्रा के चलते प्रशासन का फैसला, कक्षा 12 तक के सभी संस्थान बंद


मुरादाबाद में सावन महीने के पहले सोमवार यानी 3 अगस्त को सभी स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रा और शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया है। आदेश के मुताबिक, नर्सरी से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ कॉलेज व अन्य शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा। इसमें परिषदीय, यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्डों से संचालित सभी संस्थान शामिल हैं। कांवड़ यात्रा को देखते हुए लिया फैसला जिला प्रशासन ने बताया कि सावन के पहले सोमवार पर बड़ी संख्या में कांवड़िये जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं की भी भारी भीड़ रहती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना रहती है। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुचारु यातायात व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवकाश घोषित किया गया है। इससे बच्चों को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। सभी संस्थानों को आदेश का पालन करने के निर्देश जिला प्रशासन ने सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, कॉलेजों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का मानना है कि अवकाश से कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *