सोनभद्र डीएम तहसील दिवस में सुनते रहे शिकायत:कुर्सी पर सोते दिखे मंडी सचिव; एसडीएम बोले- मांगा जाएगा स्पष्टीकरण


सोनभद्र के दुद्धी तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित तहसील दिवस के दौरान एक अधिकारी के बैठक में सोते हुए दिखाई देने का मामला चर्चा का विषय बन गया। डीएम चर्चित गौड़ जहां फरियादियों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दे रहे थे, वहीं कृषि मंडी सचिव बब्बन राम अपनी कुर्सी पर सोते हुए नजर आए। तहसील दिवस में जिले के अलग-अलग विभागों के अधिकारी मौजूद थे। सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोग जमीन विवाद, राजस्व, बिजली, सड़क, पेयजल, पेंशन और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचे थे। डीएम ने एक-एक फरियादी की समस्या सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी दौरान कृषि मंडी सचिव बब्बन राम के अपनी सीट पर सोते हुए दिखाई देने की चर्चा पूरे सभागार में फैल गई। उपस्थित लोगों ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब जिले का सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारी स्वयं जनसमस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से बैठक की अध्यक्षता कर रहा हो, तब किसी जिम्मेदार अधिकारी का इस तरह उदासीन दिखना उचित नहीं है। फरियादियों का कहना था कि तहसील दिवस का उद्देश्य जनता की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण करना है। ऐसे आयोजन में सभी अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित होती है, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास मजबूत हो सके। इस संबंध में कृषि मंडी सचिव बब्बन राम से मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका। वहीं एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने आगे कहा कि मंडी सचिव से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *