भाजपा-सांसद के कार्यक्रम में दो कार्यकर्ताओं की जेब से चोरी:सीतापुर में 1.39 लाख रुपए पार, संदिग्ध वीडियो में दिखे जेबकतरे


सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम भाजपा सांसद के स्वागत समारोह के दौरान जेबकतरों ने भीड़ का फायदा उठाकर दो लोगों की जेब से कुल 1.39 लाख रुपये पार कर दिए। घटना के बाद पीड़ितों ने काफी तलाश की, लेकिन रुपये नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने संदना थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कोनीघाट स्थित एक निजी रेस्टोरेंट के पास आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान आमाघाट निवासी दिलीप मिश्रा की जेब से 89,500 रुपये और संदना निवासी अनुज अवस्थी की जेब से 49,000 रुपये चोरी हो गए। दोनों को रुपये गायब होने की जानकारी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद हुई। वीडियो में संदिग्ध गतिविधियां आईं सामने पीड़ितों ने अपने स्तर पर खोजबीन के बाद कार्यक्रम के वीडियो देखे। वीडियो में एक टोपी पहने व्यक्ति दिलीप मिश्रा के पास संदिग्ध गतिविधि करते दिखाई दे रहा है, जबकि अनुज अवस्थी के पास गुलाबी शर्ट पहने एक अन्य व्यक्ति संदिग्ध नजर आया। इन्हीं गतिविधियों के आधार पर जेबकतरी की आशंका जताई जा रही है। वीडियो फुटेज खंगाल रही पुलिस थाना प्रभारी मान सिंह पाल ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद भीड़भाड़ वाले आयोजनों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *