इटली के दिग्गज फुटबॉलर फ्रेंको बारेसी का निधन:फुटबॉल वर्ल्डकप के तीनों मेडल जीतने वाले इकलौती खिलाड़ी, एसी मिलान को 18 टाइटल जिताए


इटली के महान फुटबॉलर फ्रेंको बारेसी का 66 साल की उम्र में निधन हो गया है। वे लंबे समय से बीमार थे। बारेसी ने गुरुवार को मिलान के ह्यूमनिटास डि रोजानो क्लिनिक में अंतिम सांस ली। अगस्त 2025 में फेफड़ों में गांठ (पल्मोनरी नोड्यूल) हटाने के लिए उनकी सर्जरी हुई थी, जिसके बाद वे इम्यूनोथेरेपी ले रहे थे। क्लब के लिए 20 साल का सफर बारेसी ने 1977 से 1997 तक अपने पूरे क्लब करियर में एसी मिलान का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने मिलान के लिए 719 आधिकारिक मैच खेले और 33 गोल किए। बारेसी 15 सीजन तक टीम के कप्तान रहे। उनकी कप्तानी में मिलान ने 6 सीरी ए खिताब, 3 यूईएफए चैंपियंस लीग (यूरोपियन कप), 3 यूरोपियन सुपर कप, 2 इंटरकांटिनेंटल कप और 4 इटालियन सुपर कप जीते। उनकी वफादारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब मिलान दो बार सीरी बी में रेलिगेट हुआ, तब भी वे क्लब के साथ बने रहे। 1997 में उनके संन्यास के बाद मिलान ने उनकी जर्सी नंबर 6 को हमेशा के लिए रिटायर कर दिया। इटली के लिए वर्ल्ड कप जीत बारेसी ने इटली की नेशनल टीम के लिए 81 मैच खेले। वे फुटबॉल इतिहास के एकमात्र खिलाड़ी हैं जिन्होंने वर्ल्ड कप में गोल्ड (1982), सिल्वर (1994) और ब्रॉन्ज (1990) मेडल जीते हैं। 1994 के वर्ल्ड कप फाइनल में घुटने की सर्जरी के महज 25 दिन बाद उन्होंने ब्राजील के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। 1989 में वे बैलन डी’ओर के रनर-अप भी रहे थे। भाई के साथ थी दिलचस्प प्रतिद्वंद्विता फ्रेंको बारेसी का जन्म 8 मई 1960 को इटली के ट्रावाग्लियाटो में हुआ था। उनके बड़े भाई ग्यूसेप बारेसी भी एक महान फुटबॉलर थे, जो मिलान के कट्टर प्रतिद्वंद्वी इंटर मिलान के कप्तान थे। बचपन में अनाथ होने के बाद दोनों भाई इंटर मिलान के ट्रायल में गए थे, जहां ग्यूसेप को चुन लिया गया लेकिन फ्रेंको को कमजोर बताकर रिजेक्ट कर दिया गया। इसके बाद फ्रेंको ने एसी मिलान का दामन थामा और इतिहास रचा। फुटबॉल जगत ने दी श्रद्धांजलि एसी मिलान ने अपने बयान में कहा कि क्लब का पूरा इतिहास फ्रेंको बारेसी के निधन से दुखी है। उनकी ईमानदारी और उदाहरण हमेशा क्लब के डीएनए में रहेंगे। इंटर मिलान ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे मिलान डर्बी के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक थे। जुवेंटस और नेपोली समेत इटालियन लीग ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। फरवरी 2026 में मिलानो कोर्टिना विंटर ओलंपिक खेलों के दौरान उन्हें आखिरी बार सार्वजनिक रूप से ओलंपिक मशाल ले जाते हुए देखा गया था। ——————————————————– फुटबॉल से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… कोलकाता में ब्राजील से भिड़ेगी भारतीय फुटबॉल टीम:3 अक्टूबर को होगा मुकाबला, AIFF ने ऐलान किया पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन ब्राजील की पुरुष फुटबॉल टीम 3 अक्टूबर को कोलकाता में भारत के खिलाफ इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच खेलेगी। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) ने इस बात की पुष्टि की है। यह मुकाबला ब्राजील के 2026 इंटरनेशनल कैलेंडर का हिस्सा है। पढ़ें पूरी खबर

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *