![]()
प्रयागराज स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड रूरल टेक्नोलॉजी (आईईआरटी) में काउंसलिंग के तीसरे दिन मंगलवार को 124 अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिया। इसके साथ ही तीन दिनों में कुल 975 सीटों में से 387 सीटें भर गई हैं। सिविल और इलेक्ट्रिकल जैसी लोकप्रिय शाखाओं की सीटें लगभग पूरी हो चुकी हैं। अब 588 सीटों पर काउंसलिंग जारी है। परीक्षा सचिव उमा शंकर वर्मा ने बताया कि बुधवार को होने वाली काउंसलिंग के लिए दोनों पालियों में 150-150 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। उन्होंने तेजी से घटती सीटों को देखते हुए अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण-पत्रों और निर्धारित शुल्क के साथ समय पर उपस्थित होने का आग्रह किया है। वर्मा ने जानकारी दी कि अनारक्षित बालक वर्ग में प्रतिस्पर्धा कड़ी हो गई है। इस वर्ग के लिए अब केवल इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल, रेफ्रिजरेशन, टूल इंजीनियरिंग, ट्यूबवेल इंजीनियरिंग और प्लास्टिक टेक्नोलॉजी में ही कुछ सीटें बची हैं। इसी तरह, अनारक्षित बालिका वर्ग के लिए पीएचई, इलेक्ट्रॉनिक्स और चुनिंदा तकनीकी शाखाओं जैसे इंस्ट्रूमेंटेशन, रेफ्रिजरेशन, टूल, ट्यूबवेल व प्लास्टिक टेक्नोलॉजी में ही सीटें खाली हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के बालकों के लिए पीएचई, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल, रेफ्रिजरेशन, टूल, ट्यूबवेल और प्लास्टिक टेक्नोलॉजी में प्रवेश के अवसर उपलब्ध हैं। ओबीसी बालिका वर्ग के लिए राहत की बात है कि सिविल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग को छोड़कर बाकी सभी शाखाओं में अभी भी सीटें उपलब्ध हैं। अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग की भी कुछ सीटें खाली हैं।
Source link
IERT काउंसलिंग के तीसरे दिन 124 छात्रों को मिला प्रवेश:सिविल, इलेक्ट्रिकल की सीटें लगभग भरीं, कुछ विकल्प शेष