![]()
संभल में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक फिसलने से जीजा की मौत हो गई, जबकि उसका साला गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है। यह हादसा शाम करीब 05:15 बजे हुआ। घटना तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव पतरिया के पास हुई। मरने वाले की पहचान रजपुरा थाना क्षेत्र के जैतोरा निवासी पिलटू (40) पुत्र नेम सिंह के रूप में हुई है। घायल राजपाल (34) पुत्र अनोखे है। पिलटू अपने साले राजपाल के साथ गांव लवर से ससुराल जा रहा था, तभी पुलिया के पास बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 108 एंबुलेंस और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने पिलटू को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजपाल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पिलटू की पत्नी सूरजमुखी और अन्य परिजन शाम 06:15 बजे सरकारी अस्पताल पहुंचे। पिलटू के शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे पांच बच्चों को छोड़ गया है। थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि बाइक फिसलने से हुए इस हादसे में बहनोई की मौत हुई है और उसका साला घायल हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है।
Source link
संभल में बाइक फिसलने से बहनोई की मौत:साला घायल, अलीगढ़ रेफर; ससुराल जाते समय हादसा