![]()
महराजगंज के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में जमीन विवाद का एक मामला सामने आया है। खुशियालजोत महुलानी गांव के दुर्गेश नाम के युवक ने गांव के ही विवेक पुत्र सीताराम पर फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, दुर्गेश और विवेक के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद है। दुर्गेश का आरोप है कि करीब 15 दिन पहले विवेक ने उसे मोबाइल फोन पर गाली दी और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले विवेक ने गांव की एक महिला के जरिए उसके खिलाफ छेड़खानी का झूठा केस दर्ज कराने की कोशिश की थी। हालांकि, पुलिस की पूछताछ में महिला ने सच्चाई बता दी थी। शिकायत पत्र में यह भी बताया गया है कि विवेक ने दुर्गेश के चाचा को फोन कर धमकी दी थी। उसने कहा था कि अगर वे जमीन की तरफ गए, तो वह महिला को लेकर एसपी के पास जाएगा और सबको फंसा देगा। इसके बाद दुर्गेश ने विवेक के घर के बाहर लगे जीएसटी बोर्ड का फोटो ले लिया। इस बात पर दोनों पक्षों में फिर से विवाद हुआ और गाली-गलौज व धमकी देने का आरोप लगा। पीड़ित ने पुलिस को कथित बातचीत का ऑडियो भी देने की बात कही है। उसने एसपी शक्ति मोहन अवस्थी से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन ने पीड़ित को आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कर कार्यवाही की जाएगी।
Source link
महराजगंज में जमीन विवाद पर युवक को जान से मारने:झूठे छेड़खानी केस में फंसाने की कोशिश, एसपी से शिकायत, जांच का आश्वासन