आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 12 हजार, सहायिकाओं को 6 हजार मानदेय:सीएम योगी ने अयोध्या से किया ऐलान; 5 लाख की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा भी मिलेगी।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्हें हर साल पांच लाख रुपये की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा भी मिलेगी। यह ऐलान अयोध्या में एक कार्यक्रम के दौरान किया गया। इस घोषणा का सजीव प्रसारण मंगलवार को शामली में राधा वाटिका, सहारनपुर रोड पर आयोजित सम्मान समारोह में दिखाया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने इसे देखा और सुना। कार्यक्रम में एमएलसी वीरेंद्र सिंह, शामली विधायक प्रसन्न चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामजी लाल कश्यप, जिलाधिकारी आलोक यादव, मुख्य विकास अधिकारी बृजेन्द्र शुक्ल और जिला कार्यक्रम अधिकारी यामिनी रंजन मौजूद थे। जिला कार्यक्रम अधिकारी यामिनी रंजन ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये कर दिया गया है। वहीं, सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग ने पोषण पर आधारित एक प्रदर्शनी लगाई थी। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इस प्रदर्शनी का दौरा किया। उन्होंने स्टेडियोमीटर पर अपनी लंबाई और वजन मशीन पर अपना वजन भी जांचा। साथ ही पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी भी ली। शामली विधायक प्रसन्न चौधरी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का मकसद समाज के आखिरी व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बढ़े हुए मानदेय और स्वास्थ्य सुविधा के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बधाई दी। एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने इन घोषणाओं को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए एक बड़ी सौगात बताया। उन्होंने उनसे जिम्मेदारी के साथ काम करने का आग्रह किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *