जौनपुर में छात्रों का 3 घंटे प्रदर्शन:जंतर मंतर पर लाठीचार्ज का किया विरोध, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की


जौनपुर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं और दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को जौनपुर में छात्रों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाने की अपील की। टीडी कॉलेज से कलेक्ट्रेट तक निकाला मार्च प्रदर्शन सुबह करीब 11 बजे टीडी कॉलेज से शुरू हुआ। छात्र पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। इस दौरान करीब तीन घंटे तक नारेबाजी और प्रदर्शन किया गया। पेपर लीक से युवाओं का भरोसा टूटने का आरोप छात्र नेता लकी गौतम ने कहा कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई कथित पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उनका कहना था कि लगातार ऐसी घटनाएं सामने आने से शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता और भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि परीक्षा प्रणाली से युवाओं का भरोसा उठता है, तो यह देश के भविष्य के लिए चिंताजनक स्थिति होगी।
निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग प्रदर्शनकारी छात्रों ने सभी कथित पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की। साथ ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई। छात्रों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। जंतर-मंतर लाठीचार्ज की जांच की मांग छात्रों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज की भी निंदा की। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इन घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग दोहराई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *