![]()
रामपुर के चमरौआ ब्लॉक के बगी गांव निवासी दिव्यांग सद्दीक पिछले छह महीने से अपनी बेटी का जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। लगातार प्रयास के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर मंगलवार को उन्होंने जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की। सद्दीक ने बताया कि उनके परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं। सबसे छोटी बेटी सानिया का जन्म प्रमाणपत्र अब तक नहीं बन सका है। उनका कहना है कि पिछले छह महीनों से वह संबंधित विभागों और अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है। दिव्यांग होने के कारण उनके लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों तक पहुंचना बेहद मुश्किल है। उन्होंने बताया कि आर्थिक और शारीरिक परेशानियों के बावजूद वह अपनी बेटी के अधिकार के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई राहत नहीं मिली। सद्दीक ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की, ताकि उनकी बेटी का जन्म प्रमाणपत्र जल्द जारी किया जा सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन उनकी समस्या का शीघ्र समाधान करेगा। जिलाधिकारी कार्यालय में प्रार्थना पत्र प्राप्त होने के बाद मामले को संबंधित विभाग को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि प्रशासन इस शिकायत पर कितनी जल्द कार्रवाई कर दिव्यांग पिता की लंबे समय से चली आ रही परेशानी का समाधान करता है।
Source link
बेटी के जन्म प्रमाणपत्र के लिए भटक रहा दिव्यांग पिता:रामपुर डीएम से लगाई न्याय की गुहार, 6 महीने से लगा रहे दफ्तरों के चक्कर