पीलीभीत में पत्नी ने प्रेमी संग पति की हत्या की:डेढ़ साल की बेटी के साथ जेल पहुंची, अवैध संबंध के चलते घटना को दिया था अंजाम


पीलीभीत में पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार पत्नी और उसके प्रेमी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस दौरान रेनू देवी के साथ उसकी डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी भी जेल गई। मामला बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र की एकता नगर कॉलोनी का है। 19 जुलाई को अहिरवाड़ा निवासी रमाकांत मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक के परिजनों ने रमाकांत की पत्नी रेनू देवी और उसके प्रेमी शिवम शुक्ला पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया था। मृतक के भाई बृज गोपाल मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार देर शाम हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान रेनू देवी ने पति को चाय में जहर मिलाकर देने की बात स्वीकार की। पुलिस का दावा है कि यह जहर उसके कथित प्रेमी शिवम शुक्ला ने उपलब्ध कराया था। जांच में सामने आया कि शिवम, रमाकांत का दूर का रिश्तेदार था और पिछले करीब पांच वर्षों से उसके घर आता-जाता था। इसी दौरान रेनू और शिवम के बीच प्रेम संबंध हो गए। पुलिस के अनुसार, जब रमाकांत को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने कई बार इसका विरोध किया और पत्नी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद लगातार बढ़ता गया। पुलिस के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले 18 जुलाई को भी रमाकांत ने शिवम को अपने घर पर देखा था। इसे लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी और विवाद हुआ था, जिसके बाद रमाकांत मानसिक तनाव में थे। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि मामले में रेनू देवी को सोमवार को गिरफ्तार किया गया, जबकि शिवम शुक्ला पहले से पुलिस हिरासत में था। मंगलवार को दोनों आरोपियों कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। इसलिए विसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेजा गया है। अब अंतिम निष्कर्ष विसरा रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तय होगा। मामले की विवेचना जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *