![]()
श्रावस्ती पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एक से अधिक पासपोर्ट बनवाने के मामले में एक युवक को 4 महीने बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी को रविवार शाम करीब 6:00 से 7:00 के बीच गिरफ्तार कर आज सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, युवक ने कूटरचित दस्तावेजों का उपयोग कर दूसरा पासपोर्ट बनवाया था। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष सिरसिया सौरभ सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले में जांच पड़ताल के बाद कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी राजकुमार पुत्र राममिलन, निवासी भोजपुर बिल्ली, थाना सिरसिया को भोजपुर बिल्ली गांव के पास से गिरफ्तार किया। राजकुमार के खिलाफ थाना सिरसिया में मुकदमा संख्या 81/2026, धारा 319(2), 318(4), 338, 336, 340(2) बीएनएस और 12(1)(बी) पासपोर्ट अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने बताया कि 21 मार्च 2026 को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर एक से अधिक पासपोर्ट बनवाने की राजकुमार के खिलाफ शिकायत मिली थी, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्य मिलने पर आरोपी की तलाश की जा रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी राजकुमार पहले कुवैत में काम करता था। कुछ समय बाद वह श्रावस्ती लौट आया। आरोप है कि भारत लौटने के बाद उसने फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरा पासपोर्ट बनवाया। मामले की जांच में दस्तावेजों में गड़बड़ी सामने आने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की। हालांकि, पुलिस ने राजकुमार के पहले से कुवैत में रहने संबंधी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
Source link
श्रावस्ती मे फर्जी दस्तावेजों से दूसरा पासपोर्ट बनवाया, युवक गिरफ्तार:कुवैत से लौटने के बाद एक से अधिक पासपोर्ट मामले में 4 महीने में हुई कार्रवाई