प्रयागराज में सुबह से बादल छाए, तेज बारिश का अलर्ट:दो दिन हुई बारिश से तापमान में 6-7डिग्री गिरावट


रविवार को दिनभर हुई रुक-रुक कर बारिश के बाद सोमवार सुबह से प्रयागराज में आसमान घने बादलों से ढका हुआ है। सुबह से बारिश भले ही नहीं हुई है, लेकिन बादलों और नमी के कारण उमस बनी हुई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए जिले में तेज हवा, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और भारी बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार और रविवार तक जारी रहा। रविवार को पूरे दिन में करीब 8 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। वहीं धान की खेती कर रहे किसानों के लिए भी यह बारिश राहत लेकर आई है, क्योंकि खेतों में पानी की कमी काफी हद तक पूरी हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जिले के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। रविवार दिन भर हुई बारिश देखें तस्वीरें….. सोमवार को प्रयागराज का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो पिछले सप्ताह की तुलना में काफी कम है। लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है, हालांकि सुबह के समय नमी अधिक होने के कारण हल्की उमस महसूस की जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे तक जिले में मानसून सक्रिय रहेगा और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *