कानपुर26 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कानपुर की कल (शनिवार) की 10 बड़ी खबरें… पुलिस ने साइबर ठगों को कमीशन के बदले म्यूल खाते उपलब्ध कराने वाले 35 खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। इन खातों में एक साल में करीब 30 करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ।
गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने पर प्रशासन ने गंगा बैराज में 15 अक्टूबर तक बोटिंग पर रोक लगा दी है। घाटों से नाव के जरिए लोगों को गंगा में ले जाने की भी अनुमति नहीं होगी। नरौरा बांध से छोड़े जा रहे पानी के कारण बैराज के सभी 30 गेट खोल दिए गए हैं। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर VIDEO पर क्लिक करें…।
सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें-
1- सरकारी नौकरी नहीं मिली तो बीटेक गोल्ड मेडलिस्ट ने जान दी, लिखा- सॉरी पापा, 50 बार एग्जाम दिया

कानपुर में बीटेक के गोल्ड मेडलिस्ट स्टूडेंट ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले उसने एक नोट लिखा- “सॉरी पापा… मैंने 50 बार सरकारी नौकरी पाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाया। मुझे माफ कर देना।” छात्र ने साल 2024 में कानपुर के PSIT कॉलेज से बीटेक में टॉप किया था। प्रदेश में तीसरी रैंक हासिल करने पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उसे गोल्ड मेडल से सम्मानित भी किया था। पढ़ें पूरी खबर…
2- कानपुर में महाना बोले- दिग्विजय सिंह ने श्रद्धा से राममंदिर में दान नहीं दिया, साध्वी बोलीं- दोषियों को सजा मिलेगी

कानपुर में सतीश महाना ने कहा- दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर में जो पैसा दिया, वह वापस मांग रहे हैं। जो व्यक्ति श्रद्धा से पैसा देता है, क्या वह उसे वापस मांगने जाता है? इसका मतलब है कि उन्होंने श्रद्धा से पैसा नहीं दिया, इसलिए वह पैसा वापस मांग रहे हैं। साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि SIT जांच कर रही है, दोषी कोई भी होगा तो उसे सजा मिलेगी। पढ़ें पूरी खबर…
3- दरोगा बनना चाहता था, इंस्टाग्राम पर पॉर्न वीडियो बेचने लगा, तीन दोस्त गिरफ्तार

कानपुर में पुलिस ने इंस्टाग्राम पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी अपलोड करने वाले तीन दोस्तों को बुधवार को शाम 6 बजे अरेस्ट किया था। आरोपी सोशल मीडिया पर क्लिप डालते थे। इसके बाद पूरा वीडियो देने के नाम पर लोगों से ऑनलाइन रुपए वसूलते थे। मामले का खुलासा होने के बाद आरोपियों के परिजन सदमे में हैं। मुख्य आरोपी दरोगा भर्ती की तैयारी कर रहा था। माता-पिता ने उसे 12 साल पहले उसे अपने बाबा के पास कानपुर भेजा था, ताकि बाबा की परवरिश में वह किसी अच्छे मुकाम पर पहुंच सके। पढ़ें पूरी खबर…
4- गंगा बैराज में 15 अक्टूबर तक बोटिंग बंद, शहर के घाटों पर भी नाव संचालन रोका गया

कानपुर में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने पर प्रशासन ने गंगा बैराज बोट क्लब में 15 अक्टूबर तक बोटिंग पर रोक लगा दी है। घाटों से नाव के जरिए लोगों को गंगा में ले जाने की भी अनुमति नहीं होगी। नरौरा बांध से छोड़े जा रहे पानी के कारण बैराज के सभी 30 गेट खोल दिए गए हैं। अटल, परमट और सरसैया घाट समेत प्रमुख घाटों पर पुलिस-प्रशासन तैनात है। लोगों से नदी में न उतरने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई है। पढ़ें पूरी खबर…
5- पड़ोसी बुजुर्ग ने कमरे में बंद कर बच्ची से अश्लीलता की, घर के बाहर खेलते समय उठाया, आरोपी अरेस्ट

बिल्हौर थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्ची से अश्लील हरकत के आरोप में पड़ोसी बुजुर्ग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। आरोप है कि इमाम अली बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गया। बच्ची के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बच्ची की शिकायत और परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पढ़ें पूरी खबर…
6- ठगों को म्यूल खाते देने वाले 35 अकाउंट होल्डर अरेस्ट, एक साल में 30 करोड़ का मिला ट्रांजेक्शन

कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर ठगों को कमीशन के बदले म्यूल खाते उपलब्ध कराने वाले 35 खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपियों के खातों में एक साल में करीब 30 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ और इनके खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर 100 से अधिक शिकायतें दर्ज थीं। शुरुआती जांच में बैटिंग ऐप, इनवेस्टमेंट फ्रॉड और गेमिंग ऐप से ठगी की रकम इन खातों में आने की पुष्टि हुई है। मास्टरमाइंड की तलाश जारी है। पढ़ें पूरी खबर…
7- चोरी का आरोप लगाने पर हुआ था किसान का मर्डर, हत्यारोपी बोला- आपत्तिजनक हालत में गांव की महिला के साथ मिला था

कानपुर के महाराजपुर में 55 वर्षीय किसान हरिमोहन यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा किया। हत्या से एक सप्ताह पहले मृतक किसान को आरोपी धर्मेंद्र ने गांव की एक महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। जिसके बाद हरिमोहन ने उस पर 900 रुपए चोरी करने का आरोप लगा दिया था। इसी खुन्नस में आरोपी धर्मेंद्र ने किसान के गले में फरसे से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। पढ़ें पूरी खबर…
8- सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठी मांग, बोले– लोकतंत्र में आवाज दबाना बंद करो

दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को हटाए जाने के विरोध में शनिवार को कानपुर के फूलबाग में अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग फेडरेशन ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई। प्रदेश अध्यक्ष विवेक पाल ने सरकार से कार्रवाई पर जवाब मांगा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। संगठन ने 20 जुलाई को दिल्ली में संसद घेराव में शामिल होने का भी ऐलान किया। पढ़ें पूरी खबर…
9- कल्याणपुर में जीजा से परेशान छात्रा ने किया सुसाइड, डेढ़ माह पहले ससुराल आकर पीटा

कानपुर के कल्याणपुर में 11वीं की 19 वर्षीय छात्रा की मौत के मामले में परिजनों ने उसके जीजा पर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, छात्रा पहले से दर्ज मुकदमा वापस लेने का दबाव झेल रही थी। शनिवार सुबह वह अपने कमरे में मृत मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर…
10- साइकिल से घर लौट रहे राजमिस्त्री की मौत, तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मारी

कानपुर के रावतपुर में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 60 वर्षीय राजमिस्त्री गोकुल प्रसाद की मौत हो गई। वह शनिवार दोपहर साइकिल से काम से घर लौट रहे थे, तभी अशोक वाटिका चौराहे के पास पीछे से आई बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी कमलेश रॉय ने बताया कि बाइक का नंबर मिल गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…
