सांसद मोहिबुल्लाह नदवी को जौहर विश्वविद्यालय में एंट्री नहीं:रामपुर में गेट बंद मिलने पर कार में इंतजार, मीडिया से बोले- साथ रहेंगे


रामपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान के ड्रीम प्रोजेक्ट मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय में एक नया घटनाक्रम सामने आया। शनिवार सुबह करीब 11 बजे रामपुर से सांसद मोहिबुल्लाह नदवी विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर पहुंचे, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं मिला। आरोप है कि गेट पर मौजूद गेटकीपर ने मुख्य द्वार खोलने से इनकार कर दिया। प्रवेश न मिलने के कारण सांसद मोहिबुल्लाह नदवी को विश्वविद्यालय के बाहर ही रुकना पड़ा। वह कुछ देर तक अपनी कार में बैठे रहे और इस दौरान उन्होंने कई लोगों से फोन पर बातचीत कर संपर्क साधने की कोशिश की। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनकी बातचीत किन लोगों से हुई या प्रवेश को लेकर किससे संपर्क किया गया। इस घटनाक्रम पर जौहर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि सांसद को प्रवेश क्यों नहीं दिया गया और गेट बंद रखने का निर्णय किस स्तर पर लिया गया था। काफी देर इंतजार के बाद जब विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश का कोई रास्ता नहीं निकला, तो सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत की। उन्होंने कहा कि संभवतः बच्चों की पढ़ाई में व्यवधान न हो, इसलिए गेट नहीं खोला गया होगा। उन्होंने इसे किसी विवाद के रूप में न देखने की अपील की।
सांसद नदवी ने जोर देकर कहा, “हम जौहर विश्वविद्यालय के साथ थे, हैं और आगे भी खड़े रहेंगे।” उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रति अपने समर्थन की बात दोहराई, लेकिन गेट नहीं खुलने के मुद्दे पर किसी तरह की नाराजगी या आरोप लगाने से परहेज किया। मीडिया से बातचीत के बाद सांसद मोहिबुल्लाह नदवी बिना विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश किए ही गेस्ट हाउस की ओर रवाना हो गए। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है, ताकि गेट नहीं खोले जाने की वास्तविक वजह सामने आ सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *