- Hindi News
- National
- Breaking News LIVE Updates: Rajasthan, Delhi, MP, UP, Maharashtra, Mumbai
1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के जामुड़िया में शुक्रवार देर रात एक स्पंज आयरन फैक्ट्री की भट्टी (फर्नेस) में ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई, जिसमें 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, विस्फोट की आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जामुड़िया थाना प्रभारी सौमेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि अब तक 5 मजदूरों को निकालकर अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विस्फोट के समय भट्टी के पास कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं। उन्होंने बताया कि भट्टी का तापमान सामान्य होने और इलाके को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही फैक्ट्री के अंदर तलाशी अभियान शुरू किया जा सकेगा।
वहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि 8 से 10 मजदूर अब भी लापता हैं और उनके फैक्ट्री के अंदर फंसे होने की आशंका है। उनका यह भी कहना है कि विस्फोट का असर इतना तेज था कि फैक्ट्री के आसपास स्थित कई घरों में दरारें पड़ गईं।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
अमरनाथ जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी डंपर से टकरा गई, 5 घायल

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की एक गाड़ी शनिवार को सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। हादसा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर संगूर चौक के पास हुआ। दुर्घटना में पांच श्रद्धालु और गाड़ी का चालक घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) उधमपुर के संबद्ध अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों की पहचान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर और सीतापुर निवासी अंश (15), राकेश कुमार (44), विशाल वर्मा (21), सुरजीत कुमार (20) और नीरजा वर्मा (33) के रूप में हुई है।
तमिलनाडु के पेरंबलूर जिले में स्लीपर बस में आग लगी, सभी 23 यात्री सुरक्षित निकाले गए

चेन्नई से मदुरै जा रही एक स्लीपर बस में शनिवार को तमिलनाडु के पेरंबलूर जिले में आग लग गई। हादसा चेन्नई-तिरुचिरापल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलामेडु के पास हुआ।
बस ड्राइवर ने सभी 23 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिसके बाद आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। वहीं, पुलिस ने यातायात को दूसरे मार्ग पर डायवर्ट कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुणे के कोंढवा में पेंट के गोदाम में आग लगी, एक घायल

महाराष्ट्र के पुणे शहर के कोंढवा इलाके स्थित पेंट के गोदाम में शुक्रवार को आग लग गई। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।
