- Hindi News
- Business
- A Five star Hotel Is The Permanent Home Of This 27 year old Entrepreneur.
ल्यूसर्न14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

नागेल का यह भरोसा ही बताता है कि आधुनिक कारोबार में दौलत से ज्यादा जरूरी है समय, ध्यान और अपनी ऊर्जा को कहां और कैसे लगाया जाए।- फाइल फोटो
ज्यादातर के लिए होटल ऐसी जगह है जहां वे दो सफर के बीच कुछ रातें गुजारते हैं। लेकिन 27 वर्षीय एंटरप्रेन्योर जोनास नागेल के लिए स्विट्जरलैंड के ल्यूसर्न शहर का मैंडरिन ओरिएंटल पैलेस स्थायी ठिकाना बन गया है।
उनके स्विस निवास प्रमाणपत्र पर पता दर्ज है: हाल्डेनस्ट्रासे 10, यही होटल की लोकेशन है। उनकी सारी चिट्ठियां यहीं आती हैं। जर्मनी के बर्लिन में पले-बढ़े नागेल एक साल पहले शांति और जीवन की गुणवत्ता की तलाश में स्विट्जरलैंड शिफ्ट हुए। होटल में उनका कोई तय कमरा नहीं है। उपलब्धता के हिसाब से स्टाफ उन्हें अलग-अलग कमरों-सुइट्स में शिफ्ट करता है। नागेल हर महीने होटल को पांच-अंकीय रकम चुकाते हैं, लेकिन सिर्फ उतने दिनों के लिए जितना वे रुकते हैं। वे साल के छह से नौ महीने सफर में रहते हैं। जब वे शहर से बाहर होते हैं, उनके चार-पांच सूटकेस बेसमेंट में सुरक्षित रखे जाते हैं और वापसी पर स्टाफ उन्हें नए कमरे में पहुंचा देता है। नागेल हर बार खुद सामान खोलते हैं। कपड़े, तस्वीरें, यादगार चीजें सजाने में करीब एक घंटा लगता है। होटल ने स्थायी कमरा भी ऑफर किया था, पर नागेल के मुताबिक उसकी कीमत इतनी थी कि उतने में हर साल एक घर खरीदा जा सकता था। नागेल ने 2018 में मेनमेंट जीएमबीएच नाम की एजेंसी शुरू की थी, जो मशहूर हस्तियों और सेलिब्रिटीज के सोशल मीडिया अकाउंट्स, पर्सनल ब्रांडिंग और परफॉर्मेंस मार्केटिंग बजट संभालती है। उनकी अमीरी के पीछे किसी विरासत की नहीं, बल्कि किशोरावस्था से ही सोशल मीडिया की समझ और नेटवर्क बनाने की मेहनत की कहानी है।
उनकी लाइफस्टाइल जितनी महंगी है, उतनी ही हिसाब-किताब वाली भी। हर खर्च का हिसाब वे खुद बनाए एक एप में रखते हैं, और खुद को “ट्रैवल हैकर” बताते हैं। यानी एयरलाइन माइल्स, होटल पॉइंट्स और लॉन्ग-स्टे डील्स के जरिए वे तय दरों से कहीं कम में सफर और ठहराव तय करते हैं। इसी तरह उन्होंने बाली के एक कॉनराड होटल में महीने भर से ज्यादा के प्रवास पर भारी छूट हासिल की थी।
रोलेक्स का कलेक्शन, लेकिन एक ही जैसे जींस-टी शर्ट और जूते में दिखते हैं
उनकी अलमारी उतनी ही मिनिमल है जितना उनका बजट बड़ा है। 50 एक जैसी सफेद टी-शर्ट, जींस-जूते है। उनका सामान चार-पांच सूटकेस में समा जाता है। अपवाद है रोलेक्स घड़ियों का कलेक्शन। एविएशन से जुड़ी यादगार चीजें। वे सुबह साढ़े आठ बजे से रात तीन बजे तक काम करते हैं और हेलिकॉप्टर उड़ाना उनका इकलौता शौक है। इतनी बड़ी लग्जरी लाइफ के बावजूद वे अब भी रोज प्रॉपर्टी वेबसाइट्स खंगालते हैं। आखिरकार वे एक दिन बगीचे वाला अपना घर चाहते हैं। वे कहते हैं, ‘मैं किसी अमीर बाप का बेटा नहीं हूं, यह सब खुद बनाया है।’ नागेल का यह भरोसा ही बताता है कि आधुनिक कारोबार में दौलत से ज्यादा जरूरी है समय, ध्यान और अपनी ऊर्जा को कहां और कैसे लगाया जाए।
