फ्लाईओवर निर्माण से प्रभावित व्यापारी, कांग्रेस ने डीएम सौंपा ज्ञापन:गुणवत्तापूर्ण कार्य और बेहतर यातायात व्यवस्था की मांग


प्रतापगढ़ में निर्माणाधीन 81-B फ्लाईओवर के कारण नया माल गोदाम रोड क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों को हो रही परेशानियों को लेकर कांग्रेस ने जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में मंगलवार को व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने बताया कि 81-B फ्लाईओवर का निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है, जिससे नया माल गोदाम रोड क्षेत्र में आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सड़क पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और जलभराव से लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। इन समस्याओं का सीधा असर क्षेत्र के व्यापारियों के कारोबार पर पड़ रहा है। इसके अलावा, स्थानीय निवासियों और राहगीरों की दैनिक गतिविधियां भी बाधित हो रही हैं। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि फ्लाईओवर निर्माण की वर्तमान स्थिति और इसके पूरा होने की संभावित समय-सीमा के बारे में प्रभावित व्यापारियों और आम नागरिकों को स्पष्ट जानकारी दी जाए। साथ ही, प्रभावित परिवारों और व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। डॉ. नीरज त्रिपाठी ने जोर देकर कहा कि विकास कार्य जनहित के लिए होते हैं, लेकिन इन कार्यों के दौरान आम नागरिकों और व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी न हो, यह प्रशासन और कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी है। उन्होंने फ्लाईओवर का निर्माण गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूरा कराने और तब तक यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने इन समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए फ्लाईओवर निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने तथा संबंधित मुद्दों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *