![]()
हरदोई में किसान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जा, न्याय न मिलने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया है। वहीं, हरदोई पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि जांच में ऐसे दावे सही नहीं पाए गए। किसान कल्लू प्रजापति का आरोप है कि यूनुस खां, अशरफ, आमिद खां और हबीब खां ने उनकी कृषि भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें घर और खेत बेचकर पलायन करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। मामला टड़ियावां थाना क्षेत्र के अहिरौरी गांव का है। शिकायती पत्र में किसान ने कहा है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि जांच के दौरान अधिकारियों ने उन पर दबाव बनाकर सुलहनामा लिखवा लिया, जबकि न तो कब्जा हटाया गया और न ही फसल के नुकसान की भरपाई कराई गई। कल्लू प्रजापति ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध कब्जा हटवाने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, आर्थिक क्षति की भरपाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उधर, हरदोई पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल दावों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि मामला केवल कृषि भूमि के विवाद से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, राजस्व विभाग और स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से विवाद का निस्तारण कराया जा चुका है। पुलिस ने कहा कि जांच में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव, हिंदू किसान के पलायन और प्रशासनिक दबाव जैसे आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। हरियावां सीओ लक्ष्मीकांत गौतम ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें और किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।
Source link
जमीन विवाद में किसान ने सीएम से लगाई गुहार:हरदोई में धर्म परिवर्तन के दबाव का लगाया आरोप, पुलिस ने दावों से किया इनकार