बेपटरी हुई ईदगाह-बांदीकुई मेमू:5 घंटे ठप रहा रेल यातायात, आगरा की 5 ट्रेनें प्रभावित, एक गाड़ी की गई निरस्त


नदबई-खेड़ली रेलखंड पर मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। ईदगाह-बांदीकुई मेमू ट्रेन का एक कोच पटरी से उतर गया। इससे आगरा-मथुरा रेलखंड पर करीब पांच घंटे तक रेल यातायात ठप रहा। भीषण गर्मी में यात्री बेहाल हो गए। हादसे के कारण आगरा की पांच ट्रेनें प्रभावित हुईं। एक ट्रेन को निरस्त करना पड़ा, जबकि दो का रूट बदला गया और दो ट्रेनें देरी से चलीं। जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 64621 ईदगाह-बांदीकुई मेमू मंगलवार सुबह 11:06 बजे नदबई स्टेशन से रवाना हुई थी। कुछ देर बाद खेड़ली स्टेशन से पहले किमी संख्या 96/08 पर ट्रेन के एक कोच का पहिया अचानक पटरी से उतर गया। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। रेलवे की राहत एवं बचाव टीम सुबह 11:40 बजे ही घटना स्थल के लिए रवाना हो गई। दोपहर 2:45 बजे आगरा और भरतपुर से एआरटी टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर 3:57 बजे ट्रैक को बहाल किया जा सका। इसके बाद मेमू ट्रेन को शाम 4:57 बजे रवाना किया गया। इस दौरान फंसे यात्रियों को स्थानीय प्रशासन की मदद से बसों से उनके गंतव्य तक भेजा गया।हादसे की सूचना पर डीआरएम गगन गोयल समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। उधर, उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक भी प्रयागराज से अधिकारियों के साथ घटना स्थल के लिए रवाना हुए। आगरा की ये ट्रेनें हुईं प्रभावित
हादसे के कारण गाड़ी संख्या 64622 बांदीकुई-ईदगाह मेमू को निरस्त कर दिया गया। गाड़ी संख्या 22988 आगरा फोर्ट-अजमेर एक्सप्रेस को भरतपुर-बयाना-सवाई माधोपुर-जयपुर होकर डायवर्ट किया गया। गांधीग्राम-आगरा कैंट एक्सप्रेस को खेड़ली से वापस बांदीकुई लाकर अलवर-मथुरा के रास्ते आगरा कैंट भेजा गया। वहीं, बांदीकुई-बरेली पैसेंजर पौने दो घंटे की देरी से चली, जबकि जोधपुर-बनारस सिटी एक्सप्रेस को शाम 4:30 बजे तक बांदीकुई स्टेशन पर ही रोके रखा गया। जनसंपर्क अधिकारी संजय गौतम ने बताया कि मेमू के एक कोच का पहिया पटरी से उतरा था। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रैक को 3:57 बजे बहाल कर दिया गया। हादसे में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है। मामले की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *