बदायूं में पेड़ से लटका मिला युवक का शव:परिजन बोले- सुसाइड किया, मानसिक बीमारी से परेशान था


बदायूं में एक युवक का शव शुक्रवार शाम 7 बजे गांव के बाहर श्मशान भूमि के पास पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर बिनावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना बिनावर थाना क्षेत्र के मई रजऊ गौटिया गांव की है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय प्रदीप पुत्र प्रेमपाल के रूप में हुई है। प्रदीप शुक्रवार दोपहर घर से निकले थे और परिवार के सदस्यों ने उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला था। प्रदीप के बड़े भाई राजवीर ने बताया कि करीब छह-सात दिन पहले प्रदीप को बुखार आया था, जिसके बाद से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिवार ने उनका इलाज भी कराया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ और वह असामान्य हरकतें करने लगे थे। राजवीर ने यह भी बताया कि प्रदीप अपने पांच भाइयों में सबसे छोटे थे और उनकी शादी नहीं हुई थी। गांव में चर्चा है कि लगभग आठ दिन पहले भी उन्होंने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसके बाद उनका बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया था। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *