सर्प मित्र को 6 फीट लंबे स्पेक्टेकल कोबरा ने डसा:एटा के अलीगंज में डिब्बे में बंद करके अस्पताल पहुंचा, वीडियो सामने आया


एटा के अलीगंज थान क्षेत्र के नदराला गांव में शुक्रवार शाम करीब 6 बजे एक छह फीट लंबे स्पेक्टेकल कोबरा का रेस्क्यू करने पहुंचे सर्प मित्र अजब सिंह शाक्य को तीन जगह डस लिया। इसके बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और जहरीले स्पेक्टेकल कोबरा को डिब्बे में बंद कर अपने साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंच गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है। देखिए तस्वीरें…
जानिए पूरा मामला… सर्प मित्र अजब सिंह शाक्य पिता नेत्रपाल सिंह शाक्य (34) ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से सर्पों का रेस्क्यू कर रहे हैं। शुक्रवार शाम करीब सात बजे उन्हें गांव नदराला निवासी जुबैर से सूचना मिली कि उनके निर्माणाधीन मकान के रसोईघर में एक बड़ा स्पेक्टेकल कोबरा दिखाई दिया है। उस समय मकान में लेंटर की सटरिंग खोली जा रही थी, तभी अंदर से तेज फुफकारने की आवाज सुनाई दी। सूचना मिलने पर अजब सिंह मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद करीब छह फीट लंबे स्पेक्टेकल कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। उन्होंने बताया कि जब वह स्पेक्टेकल कोबरा को कंटेनर में बंद कर रहे थे, तभी ढक्कन लगाते समय स्पेक्टेकल कोबरा ने अचानक हमला कर दिया और ग्लव्स के ऊपर से उनके हाथ में तीन जगह डस लिया। अजब सिंह ने बताया कि डसने के बाद उन्होंने पहले स्पेक्टेकल कोबरा को सुरक्षित कंटेनर में बंद किया और फिर तत्काल उपचार के लिए निकल पड़े। वह शुक्रवार रात करीब आठ बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचे। उनके साथ कंटेनर में बंद स्पेक्टेकल कोबरा भी था, जिसे देखने के लिए अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्साधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि युवक के अस्पताल पहुंचते ही उसे तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया और एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) इंजेक्शन लगाया गया। फिलहाल युवक की हालत स्थिर है, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे चिकित्सकीय निगरानी में भर्ती रखा गया है। जहरीला होता है स्पेक्टेकल कोबरा सर्प मित्र अजब सिंह के अनुसार स्पेक्टेकल कोबरा भारत के सबसे जहरीले सर्पों में से एक माना जाता है। इसके विष में न्यूरोटॉक्सिन पाया जाता है, जो शरीर के तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करता है। समय पर इलाज नहीं मिलने पर यह जानलेवा भी साबित हो सकता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *