आजमगढ़ में घर से 75 किलो गोमांस बरामद:चार आरोपियों के विरुद्ध दर्ज हुआ मुकदमा आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस की टीमें


आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा गांव में शुक्रवार की देर रात गोवंश काटकर मांस बेचने की सूचना पर पुलिस ने एक मकान में छापेमारी कर तीन प्लास्टिक की बोरियों में रखा करीब 75 किलो कथित गोमांस बरामद किया। मौके से एक लोहे का चापड़, लकड़ी का ठीहा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और प्लास्टिक की पन्नियां भी बरामद की गईं। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। 9 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक राजेश कुमार राय हमराह पुलिसकर्मियों के साथ फरिहा पुलिस बूथ पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि फरिहा निवासी जाहिद पुत्र मैनुद्दीन के मकान में गोवंश काटकर मांस बेचा जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पुलिस का दावा है कि मकान के अंदर मौजूद लोग छत के रास्ते अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस टीम ने मकान के आंगन से तीन प्लास्टिक की बोरियों में रखा मांस बरामद किया। इसके अलावा एक लोहे का चापड़, लकड़ी का ठीहा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा काले रंग की प्लास्टिक की पन्नियों के 10 पैकेट मिले। बरामद मांस का वजन करने पर कुल 75 किलोग्राम पाया गया। दूध देने वाली गाय खरीदकर किया वध
मामले की जानकारी मिलने पर प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमोद यादव को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक, बरामद मांस के नमूने तीन प्लास्टिक के डिब्बों में रखकर सील किए गए और नमूना मुहर तैयार की गई। शेष मांस को गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया गया। बरामद अन्य सामान को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि जाहिद ने 9 अक्टूबर को जुमे की नमाज के बाद फरिहा निवासी फरियाद पुत्र मकबूल से दूध के लिए बताकर 10 हजार रुपये में एक दूध देने वाली गाय और एक बछड़ा खरीदा था। आरोप है कि बाद में दोनों को काटकर उनका मांस बेचा जा रहा था। इस संबंध में पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में जाहिद पुत्र मैनुद्दीन, शहबाज पुत्र मैनुद्दीन, सादिया बानो पत्नी जाहिद और एरम बानो पत्नी शहबाज, सभी निवासी फरिहा, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ के खिलाफ धारा 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम तथा धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। जिले में गोवंश मिलने का कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व सरायमीर थाना क्षेत्र, फूलपुर थाना क्षेत्र और पवई थाना क्षेत्र में गोवंश मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निजामाबाद थाना क्षेत्र के चकिया, बहरिया, घोरीपुर इलाके में रात में गोकशी की घटनाएं होती रहती हैं। कुछ मामले सामने आ जाते हैं पर कई मामले दफन हो जाते हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *