![]()
सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र के अनंतापुर गांव में गुरुवार देर रात 10:30 बजे 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन पर कार्य के दौरान हादसा हो गया। बिजली लाइन के नीचे जाली लगाने के दौरान एक प्राइवेट लाइनकर्मी अचानक हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और खंभे से नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिसावां पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि एलाइट इंटरप्राइजेज कंपनी के ठेकेदार सत्यपाल सिंह पुत्र महावीर सिंह, निवासी फरीदपुर थाना महोली, के अधीन क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन खींचने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान सकरन थाना क्षेत्र के खजुरा गांव निवासी रिंकू पुत्र रामकुमार खंभे पर चढ़कर लाइन के नीचे जाली लगाने का कार्य कर रहा था। तभी अचानक लाइन में बिजली आपूर्ति शुरू हो गई और वह हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। करंट का तेज झटका लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी प्रभात कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिसावां पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल सीतापुर रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला कार्य के दौरान अचानक लाइन में बिजली आपूर्ति आने से हुए हादसे का प्रतीत होता है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट और संबंधित तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
11 हजार वोल्ट की लाइन पर करंट उतरा:काम के दौरान प्राइवेट लाइनकर्मी झुलसा, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर