डीआईजी ने संतकबीर नगर में अत्याधुनिक जिम का उद्घाटन किया:पुलिसकर्मियों की फिटनेस और तनावमुक्त जीवन के लिए उपयोगी, रखरखाव के निर्देश


संतकबीरनगर में सोमवार को पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइंस में एक अत्याधुनिक जिम का उद्घाटन किया गया। बस्ती रेंज के डीआईजी संजीव त्यागी ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम शाम 5:00 बजे संपन्न हुआ। इस अवसर पर एसपी संदीप कुमार मीना भी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद डीआईजी त्यागी ने जिम में स्थापित आधुनिक व्यायाम मशीनों और अन्य उपकरणों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की ड्यूटी चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होती है, ऐसे में पुलिसकर्मियों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। डीआईजी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह जिम पुलिसकर्मियों को नियमित व्यायाम, बेहतर फिटनेस और तनाव से राहत पाने में सहायक सिद्ध होगा।
डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को जिम के नियमित रखरखाव, साफ-सफाई और सभी उपकरणों के उचित संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिलती रहें। इस कार्यक्रम में सीओ सदर प्रियम राजशेखर पाण्डेय, सीओ मेंहदावल सर्वदवन सिंह, सीओ धनघटा अभयनाथ मिश्र, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव, कोतवाल खलीलाबाद जयप्रकाश दूबे और प्रभारी यातायात परमहंस सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित थे। वहीं इस दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने पुलिस लाइन परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में चल रहे आधुनिक गेस्ट हाउस, कमांड सेंटर समेत विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आईजी ने निर्माणाधीन आधुनिक गेस्ट हाउस और कमांड सेंटर का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि पुलिसकर्मियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जा सके। आईजी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी कर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *