![]()
मुज़फ्फरनगर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार शाम जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में पुलिस अधिकारियों, परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों, वरिष्ठ शिक्षकों और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधाओं और नकल रोकने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 13 परीक्षा केंद्रों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों में तथा 4 जुलाई को प्रथम पाली में संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए।
बैठक में पुलिस विभाग को सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही परीक्षा कक्षों और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह क्रियाशील रखने और उनकी लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों की सुविधाओं पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग शौचालय तथा कतार में खड़े होने के लिए छायादार स्थान की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि भीषण गर्मी में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले प्रत्येक परीक्षार्थी की सघन तलाशी ली जाएगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा की गरिमा और शुचिता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कोई सॉल्वर गैंग, नकल माफिया या अन्य असामाजिक तत्व परीक्षा में व्यवधान डालने अथवा नकल कराने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।
Source link
TET परीक्षा को लेकर मुजफ्फरनगर प्रशासन अलर्ट:नकल माफिया और सॉल्वर गैंग को सख्त चेतावनी, 13 केंद्रों पर होगी परीक्षा