![]()
सीतापुर के सकरन थाना क्षेत्र में रविवार शाम करीब 7:30 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने चलती बाइक पर सवार महिला के कान से सोने के कुंडल झपटकर फरार हो गए। देर शाम हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। बिसवां कोतवाली क्षेत्र के मोचकलां गांव निवासी अंकित पाल रविवार शाम अपनी बहन वीनू पाल को बाइक से उसकी ससुराल लहरपुर थाना क्षेत्र के पूरनपुर गांव छोड़ने जा रहा था। जैसे ही दोनों सकरन थाना क्षेत्र के महाराजनगर-भिठमनी मार्ग पर नहर पटरी स्थित गडहाताल पुलिया के पास पहुंचे, तभी पीछे से काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश आए। बदमाशों ने चलती बाइक के बराबर आते ही झपट्टा मारकर वीनू पाल के कान से सोने के कुंडल छीन लिए। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से महाराजनगर की ओर फरार हो गए। अचानक हुई वारदात से बाइक सवार भाई-बहन घबरा गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी लहरपुर अभिषेक कुमार समेत सकरन, बिसवां और तालगांव थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पीड़ितों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। पीड़ित अंकित पाल ने सकरन थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
चलती बाइक पर महिला के कान से कुंडल छीने:भाई के साथ जा रही थी, बाइक सवार 2 बदमाशों ने की वारदात