ट्रैक्टर की टक्कर से ऑटो पलटा, एक की मौत:फफूंद-अछल्दा मार्ग पर हादसा, महिला समेत 4 लोग घायल


औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र में रविवार रात सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिला और उसकी बेटी समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा फफूंद-अछल्दा मार्ग पर हसनपुर गांव के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान 50 वर्षीय छोटे लाल पुत्र अर्जुन सिंह के रूप में हुई है, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में शारदा देवी, उनकी बेटी ओजल, भाई अनिल कुमार और ऑटो चालक कल्लू शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। काजीपुर गांव निवासी ब्रजेश कुमार दिल्ली में अपनी पत्नी शारदा देवी और बेटी ओजल के साथ रहते हैं और निजी नौकरी करते हैं। लगभग पांच दिन पहले शारदा देवी और ओजल अपने मायके आई थीं। रविवार रात वे दिल्ली वापस जाने के लिए फफूंद से बस पकड़ने आ रही थीं। रात करीब 9:30 बजे शारदा देवी, बेटी ओजल, भाई अनिल कुमार और चचेरे भाई छोटे लाल गांव के कल्लू के ऑटो से फफूंद बस स्टैंड के लिए निकले थे। जैसे ही उनका ऑटो हसनपुर गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया। सूचना मिलने पर फफूंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर चालक मौके से ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। पुलिस अब फरार ट्रैक्टर चालक और ट्रैक्टर की तलाश में जुटी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *