- Hindi News
- National
- Pravesh Verma Warning To Arvind Kejriwal | Delhi Government Work Controversy
नई दिल्ली5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल को चेतावनी दी है कि सरकारी काम रोकने वाले AAP नेताओं और समर्थकों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह बयान केजरीवाल के उस वीडियो संदेश के बाद आया, जिसमें उन्होंने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाया था।
केजरीवाल ने कहा था कि देश का जेन-जी, सरकार से ईमानदारी और साफ रवैए की उम्मीद करता है।
वहीं, राहुल गांधी के तंज का जवाब देते हुए X पर लिखा है कि राहुल जी, आप रहने दो भाई, आपको कुछ नहीं पता।
यह पूरा विवाद दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारने से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर 27 सितंबर को इसका वीडियो सामने आया था।
प्रवेश वर्मा दिल्ली सरकार में PWD मंत्री हैं। विवाद के बाद उन्होंने दावा किया कि युवक जेन-जी नहीं, बल्कि आदतन अपराधी है।
थप्पड़ विवाद की 2 तस्वीरें..

आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह ने सड़क उखाड़ कर प्रवेश वर्मा को दिखाई और उनसे इसे बनाने में हुए भ्रष्टाचार के बारे में बताया।

इसी दौरान एक युवक मोबाइल से वीडियो बनाते हुए प्रवेश वर्मा के सामने गया तो मंत्री ने उसका हाथ नीचे करते हुए थप्पड़ मार दिया।
24 घंटे में प्रवेश वर्मा के 4 बयान
पहला: 2.56 मिनट के वीडियो में रखा पक्ष- प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि विधायक जरनैल सिंह कई दिनों से PWD विभाग के इंजीनियरों से उनके लिए कमीशन दिलवाने की मांग कर रहे थे। प्रवेश ने खुद फोन करके जरनैल को बुलाया, वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ तिलक नगर पहुंचे। प्रवेश बोले- ‘उनके एक कार्यकर्ता ने परिवार को गाली दी, तो ऐसी स्थिति में कोई भी गुस्से में प्रतिक्रिया देगा, और मैंने भी वही किया।’
दूसरा: 3.09 मिनट का वीडियो, इसमें लोगों से बातचीत- प्रवेश कह रहे हैं- मैं केवल अपने इंजीनियर के साथ गुरुद्वारे की रोड देखने गया था। मगर विधायक अपने हिस्ट्रीशीटर गुण्डों को लेकर आया। बदतमीजी, गाली-गलौच पर उतर आए। हिंसक हो गए। मेरा मकसद केवल विकास करने का है, अगर कोई उसमे रुकावट डालेगा तो बर्दाश्त नहीं करुंगा।

तीसरा: राहुल गांधी पर तंज कसा- प्रवेश ने राहुल गांधी का पोस्ट कोट करते हुए लिखा- राहुल जी आप रहने दो भाई, आपको कुछ नहीं पता। दरअसल, थप्पड़ वाला वीडियो वायरल होने के बाद राहुल ने कहा था- दिल्ली की BJP सरकार के एक मंत्री वीडियो में एक नौजवान को थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। ये उस सत्ता का चेहरा है जिसे अब वोटर से डर लगना बंद हो गया है।
चौथा: थप्पड़ खाने वाला युवक आदतन अपराधी, आपका ड्रामा बेकार- केजरीवाल के बयान पर जवाब देते हुए वर्मा ने कहा, “आपका जेन-जी वाला ड्रामा काम नहीं करेगा। वह कोई जेन-जी नहीं है। वह ऐसा गुंडा है, जिसके खिलाफ तीन महीने पहले MCD अधिकारी से मारपीट की FIR दर्ज हुई थी। उसे गिरफ्तार भी किया गया था।”
केजरीवाल ने ईमानदारी का मुद्दा उठाया था
पूर्व दिल्ली मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार मिला, तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसी घटनाओं के बाद BJP युवा लोगों से जुड़ने की उम्मीद कैसे कर सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को युवाओं से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया गतिविधियों की जरूरत नहीं है। सरकार को पारदर्शिता और जवाबदेही जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
