विंध्याचल धाम नवरात्रि मेला: 10 जोन, 21 सेक्टर में बंटा:पुलिस-प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों को किया गया ब्रीफ; जवानों को दिलाई शपथ


मिर्जापुर में चैत्र नवरात्र मेला-2026 को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चैत्र नवरात्र मेला-2026 को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 18 मार्च को अपर्णा रजत कौशिक और पवन कुमार गंगवार ने सैमफोर्ड पब्लिक स्कूल में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन की सुविधा मिले। माँ विंध्यवासिनी मंदिर, अष्टभुजा मंदिर और कालीखोह धाम में भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। गर्भगृह में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं बेहतर प्रबंधन के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 1 सुपर जोन, 10 जोन और 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है। नितेश सिंह को नोडल अधिकारी, विवेक जावला को मेला पुलिस अधिकारी और अरविंद कुमार मिश्रा को मेला प्रकोष्ठ प्रभारी बनाया गया है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को साफ वर्दी, अनुशासन और विनम्र व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, गुमशुदा श्रद्धालुओं को खोया-पाया केंद्र पहुंचाने, बीमार व्यक्तियों को तुरंत चिकित्सा सुविधा देने और कंट्रोल रूम को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला पुलिसकर्मियों को सादे वर्दी और यूनिफॉर्म दोनों में तैनात किया गया है। मेला क्षेत्र में पुलिस, यातायात पुलिस, पीएसी, एसडीआरएफ, आरएएफ, एंटी चैन स्नैचर स्क्वाड, फायर ब्रिगेड के साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शांतिपूर्ण और सफल मेला संपन्न कराने की शपथ दिलाई गई, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण में दर्शन का लाभ मिल सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *