![]()
बागपत के लुहारी गांव में किसान ने मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिला है। मृतक के भाई की तहरीर पर पत्नी, उसकी मां और एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बागपत के लुहारी गांव में किसान मोहित (31) ने उत्पीड़न से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को उसकी जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है। मामले में मृतक के भाई रोहित ने पत्नी, उसकी मां और उसके दोस्त पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। रोहित ने बताया कि मोहित की शादी 8 महीने पहले मुजफ्फरनगर के भौंराकलां निवासी खुशी से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही खुशी ने अपनी मां पिंकी और अपने दोस्त आकाश के साथ मिलकर मोहित को मानसिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया। तीनों पर मोहित से 7 लाख रुपए मांगने और रकम न देने पर झूठे दहेज के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप है। परिजनों के अनुसार, करीब दो महीने पहले खुशी अपने मायके भौंराकलां चली गई थी। उसे वापस लाने के प्रयास किए गए, लेकिन उसने लौटने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने भौंराकलां थाने में मोहित के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी, जिससे वह लगातार तनाव में रहने लगा। रोहित का कहना है कि घटना से तीन दिन पहले मोहित ने परिवार को बताया था कि खुशी, आकाश और उसकी सास पिंकी उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। साथ ही 7 लाख रुपये न देने पर उसे आत्महत्या के लिए उकसाया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर मोहित ने घर की छत पर बने कमरे में पंखे से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ अंशु जैन ने बताया- परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सुसाइड नोट सहित सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बागपत में किसान ने फांसी लगाकर दी जान:पत्नी, सास और दोस्त पर उत्पीड़न का आरोप; जेब से मिला सुसाइड नोट, FIR दर्ज