संभल में फरार गौ तस्कर गिरफ्तार:मुठभेड़ में घायल साथी समेत दो को जेल भेजा, पैर में गोली लगी थी


संभल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद फरार हुए गौ तस्कर सुलेमान को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही, मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुए उसके साथी शहीद समेत दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। यह घटना सोमवार रात करीब 9 बजे संभल के बहजोई थाना क्षेत्र में टिकटा रोड स्थित नवीन पुलिस लाइन के सामने एक कच्चे रास्ते पर हुई थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार तस्करों को रोकने का प्रयास किया, जिस पर उन्होंने भागना शुरू कर दिया और पुलिस पर फायरिंग कर दी।
इस मुठभेड़ में सिपाही कुलदीप भी घायल हो गए थे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त शहीद पुत्र वहीद निवासी बहजोई के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि, उसका साथी सुलेमान पुत्र इरशाद निवासी जनैटा मौके से फरार हो गया था। फरार सुलेमान को मंगलवार को कॉम्बिंग के बाद गिरफ्तार किया गया। बुधवार को बहजोई थाना प्रभारी संत कुमार ने बताया कि शहीद और सुलेमान को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त शहीद पर तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सुलेमान पर बिजली चोरी, आर्म्स एक्ट, गौबध और गैंगस्टर सहित कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल, 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और जानवर काटने के उपकरण बरामद किए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *