![]()
सेक्टर-58 पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी और स्नैचिंग करने वाले गैंग का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया है। इनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, स्नैचिंग और चोरी के 22 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, गैंग करीब दो महीने से नोएडा में सक्रिय था। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि गैंग के सदस्य स्नैचिंग के दौरान नाबालिगों को आगे रखते थे, ताकि उन पर जल्दी किसी को शक न हो। आरोपी चोरी की बाइक से नोएडा और एनसीआर में मोबाइल फोन छीनते थे। इसके बाद चोरी किए गए मोबाइल को अलग-अलग करके उनके पार्ट्स दिल्ली में बेच दिए जाते थे।
लक्ष्मी नगर की दुकान पर बेचता था मोबाइल
पुलिस के मुताबिक, गैंग का आरोपी अतुल गौतम चोरी और स्नैचिंग के मोबाइल दिल्ली के लक्ष्मी नगर मार्केट में एक दुकान पर बेचता था। मोबाइल बेचने से मिले पैसे को आरोपी आपस में बांट लेते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दिल्ली में जिस दुकान पर मोबाइल बेचे जाते थे, वहां से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है। दो महीने से नोएडा में सक्रिय था गैंग
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल वारदात के लिए करते थे। बाइक से मोबाइल फोन छीनने के बाद मौके से फरार हो जाते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से यूपी16ईडब्लू 6051 नंबर की चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। जुबिलेंट पार्क के पास से पकड़े गए
सेक्टर-58 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से जुबिलेंट पार्क के पास आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अतुल गौतम (22), नितीश चौहान (18) और रिशू पांडेय (करीब 19) के रूप में हुई है। इनके साथ दो बाल अपचारियों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
22 मोबाइल और दो चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से स्नैचिंग और चोरी के 22 मोबाइल फोन, एक चोरी की मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। दोनों चाकू अतुल गौतम और रिशू पांडेय के कब्जे से मिले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-58 थाने में बीएनएस की धाराओं में दो मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें आर्म्स एक्ट की धारा भी शामिल है।
Source link
नाबालिगों को आगे रखकर करते थे मोबाइल स्नैचिंग:दिल्ली में खपाते थे मोबाइल के पार्ट्स, दो नाबालिग समेत 5 गिरफ्तार, 22 मोबाइल बरामद