बागपत में युवक पर घर में घुसकर जानलेवा हमला:मामूली कहासुनी की रंजिश में दो आरोपियों ने किया हमला


बागपत के हरचंदपुर गांव में मामूली कहासुनी के बाद एक युवक पर घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया है। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल युवक हरचंदपुर निवासी आकिब है। पीड़ित परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव के ही दो युवकों से आकिब की मामूली कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते दोनों आरोपी आकिब के घर में घुस आए और उस पर चाकू से हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने आकिब की पीठ और पेट पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे अन्य अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने यह भी जानकारी दी कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी चार बार मारपीट हो चुकी है। करीब एक सप्ताह पहले एक पंचायत में समझौता भी कराया गया था, लेकिन उस दौरान भी पीड़ित के साथ मारपीट की गई थी। इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ और अब दोबारा हमला कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी पूरे मामले की छानबीन में जुटे हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *