![]()
रामपुर में शहजादनगर पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने तीन युवकों को प्रतिबंधित नशीले सिरप के साथ गिरफ्तार किया है। ये युवक मुरादाबाद से सिरप खरीदकर रामपुर में बेचने की तैयारी कर रहे थे। उनके पास से 869 बोतल कोडीन युक्त नशीला सिरप बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरमान और अजहर खान (दोनों निवासी ग्राम रवाना, थाना सैफनी) तथा वशीम अहमद (निवासी कुन्दरकी, मुरादाबाद) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि नशीले सिरप की यह खेप मुरादाबाद से लाई गई थी और इसे रामपुर में विभिन्न स्थानों पर बेचा जाना था।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और औषधि निरीक्षक की टीम ने इन तीनों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से कुल 869 बोतल प्रतिबंधित कोडीन युक्त सिरप बरामद हुआ। इसमें 340 शीशी डाईलेक्स डीसी, 245 शीशी बैरिकोफ और 296 शीशी बेसकोड शामिल हैं। पुलिस ने दो एप्पल मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस अब इस अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच की जा रही है कि इसमें और कौन लोग शामिल हैं और नशीले सिरप की आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी। यह नेटवर्क युवाओं को नशे की लत में धकेलने का काम कर रहा था। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद थाना शहजादनगर में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने बताया कि ये आरोपी रामपुर में कोडीन सिरप बेचने की फिराक में थे, तभी वाहन चेकिंग के दौरान पकड़े गए। बरामद नशीले सामान के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों के पूरे नशा कारोबारी नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है और जल्द ही बड़ी कामयाबी मिलने की उम्मीद है।
Source link
रामपुर में नशीले सिरप के साथ तीन गिरफ्तार:मुरादाबाद से लाकर बेचने की थी तैयारी, 869 बोतलें बरामद