![]()
जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड आधारित विकास कार्यों और निर्माण परियोजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने बताया कि मऊ जनपद ने सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में महत्वपूर्ण सुधार किया है। अप्रैल माह में जनपद 25वें स्थान पर था, जो मई माह में 16वें स्थान पर पहुंच गया है। जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। बैठक में अतिरिक्त ऊर्जा विभाग की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की जननी सुरक्षा योजना, जल जीवन मिशन की हर घर जल योजना, फैमिली आईडी, महिला एवं बाल विकास विभाग के पोषण अभियान, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान तथा आईजीआरएस की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने ए-ग्रेड प्राप्त करने वाले विभागों को प्रदर्शन बनाए रखने और कमजोर ग्रेडिंग वाले विभागों को विशेष प्रयास कर वर्तमान माह में ए-ग्रेड हासिल करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि उपनिदेशक को उन किसानों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया, जिन्हें पहले योजना की किस्तें मिल रही थीं लेकिन अब भुगतान बंद हो गया है। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत निरस्त दावों की विस्तृत रिपोर्ट कारण सहित उपलब्ध कराने को कहा गया। मुख्यमंत्री आवास योजना में धीमी प्रगति वाले विकास खंडों के खंड विकास अधिकारियों को 15 दिन के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में सुधार न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए, 90 प्रतिशत से अधिक पूर्ण परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने, ऐसे गांवों की सूची उपलब्ध कराने और पीडी, बीडीओ तथा डीसी मनरेगा की संयुक्त टीम से स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, यह भी चेतावनी दी गई कि किसी भी कार्यदायी संस्था का भुगतान बिना उचित जांच और आवश्यक कटौती के न किया जाए।
Source link
सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में 25 से 16वें स्थान पर मऊ:डीएम आनंद वर्द्धन ने विकास कार्यों की समीक्षा की