सड़क हादसे में दूल्हे के फुफेरे भाई की मौत:तिलक से लौटते समय मक्के पर फिसली बाइक, तेज रफ्तार वाहन ने कुचला


हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में दूल्हे के फुफेरे भाई की मौत हो गई। यह घटना तिलक समारोह से लौटते समय हुई, जब सड़क पर सूखने के लिए डाली गई मक्का पर बाइक फिसल गई और पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे कुचल दिया। मंगलवार की दोपहर शव का पोस्टमार्टम हुआ। मृतक की पहचान कन्नौज जिले के मामा भोलेगांव निवासी 27 वर्षीय कमलेश कुमार के रूप में हुई है। कमलेश छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक गुटखा फैक्ट्री में कार्यरत थे और तीन महीने पहले ही अपने गांव आए थे। वह सोमवार की देर शाम अपने फूफा रामबरन के बेटे के तिलक समारोह में शामिल होने हरपालपुर थाना क्षेत्र के ईशेपुर गांव गए थे। देर रात समारोह से वापस लौटते समय, श्रीमऊ और जिगनी गांव के पास सड़क पर सूख रही मक्का के ऊपर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। कमलेश सड़क पर गिर पड़े। इससे पहले कि वह संभल पाते, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन उन्हें कुचलते हुए निकल गई, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने कमलेश के मोबाइल से उनके परिजनों को घटना की सूचना दी। मृतक अपने चार भाइयों में सबसे बड़े थे और उनके परिवार में पत्नी नन्ही देवी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। कमलेश के भाई अमर सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *