![]()
सोनभद्र में गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। बभनी, रॉबर्ट्सगंज, चोपन, ओबरा, नगवा और चतरा ब्लॉक समेत कई क्षेत्रों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दिलाई। पिछले दो दिनों से तेज धूप और बढ़ी नमी के कारण लोग बेहाल थे, लेकिन शाम की बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। दोपहर तक उमस से लोग रहे परेशान बभनी क्षेत्र में सुबह से ही तेज धूप और उमस का असर देखने को मिला। दोपहर तक लोग पसीने से तरबतर रहे और जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले। शाम होते-होते आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक शुरू हो गई। कुछ ही देर बाद बारिश शुरू हो गई, जो करीब आधे घंटे तक रुक-रुककर होती रही। इससे वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों को राहत मिली। कई गांवों में अच्छी बारिश बभनी ब्लॉक के असनहर, संवरा, डूभा, चपकी, चकचपकी, पोखरा, आसनडीह और करकच्छी सहित कई गांवों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। किसानों ने भी बारिश को खरीफ फसलों के लिए लाभदायक बताया। 60 किमी प्रतिघंटा तक चली हवाएं रॉबर्ट्सगंज और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कई स्थानों पर हवाओं की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक दर्ज की गई। चोपन क्षेत्र में बारिश के कारण कुछ समय के लिए जनजीवन प्रभावित रहा। सड़क किनारे सब्जी, चाट और अन्य सामान बेचने वाले दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते रहे, जबकि राहगीरों ने बारिश से बचने के लिए होटलों और अन्य सुरक्षित स्थानों में शरण ली। ओबरा में बिजली आपूर्ति प्रभावित ओबरा क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सुरक्षा की दृष्टि से बिजली विभाग ने कुछ क्षेत्रों की सप्लाई अस्थायी रूप से बंद कर दी। हवा शांत होने के बाद विभागीय कर्मचारी लाइनों और केबलों की जांच व मरम्मत में जुट गए। तापमान में आई गिरावट मौसम विभाग के अनुसार बारिश से पहले जिले का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बारिश के बाद तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई और यह 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया। मौसम विभाग ने रात में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ घंटों तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से और राहत मिलेगी।
Source link
सोनभद्र में तेज आंधी और बारिश, गर्मी से मिली राहत:तापमान में 5 से 7 डिग्री तक की गिरावट, आधे घंटे तक रुक-रुककर बरसात