बदायूं सड़क हादसे में 6 महिलाओं की मौत:पीएमओ और सीएम ने जताया दुख, प्रभारी मंत्री ने आर्थिक मदद का आश्वासन दिया


बदायूं में हुए सड़क हादसे में छह महिलाओं की मौत के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) तक इसकी गूंज पहुंची है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। वहीं, जिले के प्रभारी मंत्री अरुण सक्सेना ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद का आश्वासन दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के बदायूं में हुए हादसे में हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा, ‘जनपद बदायूं में दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं।’ उन्होंने दिवंगत आत्माओं की सद्गति और शोकाकुल परिजनों को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की। स्थानीय स्तर पर, जिले के प्रभारी मंत्री अरुण सक्सेना, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतक महिलाओं के परिजनों को ढांढस बंधाया। प्रभारी मंत्री ने परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया। प्रभारी मंत्री ने बताया कि घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है और जहां भी आवश्यक होगा, उनका उपचार कराया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि मरने वालों के परिजनों को सरकार से आर्थिक मदद दिलाई जाएगी और हादसे के लिए जिम्मेदार ड्राइवरों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सपा सांसद ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा – मेरे संसदीय क्षेत्र बदायूं के उझानी थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मृत्यु का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। इस दर्दनाक दुर्घटना में दिवंगत सभी माताओं-बहनों एवं अन्य मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *