गोपाल गिरि | लखीमपुर-खीरी3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

लखीमपुर खीरी। जनगणना 2027 के तहत जिले में मकान सूचीकरण और गणना का कार्य निर्धारित समय से पांच दिन पहले पूरा कर लिया गया है। यह अभियान 22 मई से 20 जून 2026 तक चलना था, लेकिन इसे 15 जून को ही सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया गया। जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि को एक महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
यह कार्य जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अंजनी कुमार सिंह और अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया। जनगणना सेल की सक्रिय भूमिका के साथ-साथ उपजिलाधिकारियों, चार्ज अधिकारियों, फील्ड ट्रेनर्स, सुपरवाइजरों और प्रगणकों ने भी अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
अभियान के दौरान फील्ड स्तर पर नियमित निगरानी और प्रगति की सतत समीक्षा की गई। बेहतर योजना, प्रभावी प्रबंधन और टीमवर्क के कारण लक्ष्य को समय से पहले हासिल किया जा सका। प्रशासन ने बताया कि सभी स्तरों पर किए गए समन्वित प्रयास इस सफलता की मुख्य वजह रहे।
कार्य पूर्ण होने के बाद जनगणना सेल के कर्मचारियों ने जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी का अभिनंदन किया। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और फील्ड स्टाफ को बधाई दी और उनके समर्पण तथा मेहनत की सराहना की। उन्होंने इस उपलब्धि को पूरी टीम की प्रतिबद्धता, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
