![]()
कुशीनगर में सोमवार को एक युवक बकरी को बचाने के प्रयास में मुख्य पश्चिमी गंडक नहर में डूब गया। पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने घंटों तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। मामला पड़रौना कोतवाली क्षेत्र के जंगल बनवीरपुर गांव का है। जानकारी के अनुसार, जंगल बनवीरपुर निवासी शाहिद अली के पुत्र मेहताब राजा (18) दोपहर में बकरियां चराने के लिए सिधुआ-सुखपुरा रेगुलेटर के पास मुख्य पश्चिमी गंडक नहर किनारे गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चराई के दौरान एक बकरी नहर के तेज बहाव वाले हिस्से की ओर चली गई। मेहताब उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, तभी फिसलन भरे किनारे पर उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में गिर गया। नहर में पानी का बहाव काफी तेज था। युवक को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही क्षणों में वह पानी में लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पड़रौना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और खोज अभियान शुरू कराया। बाद में एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया, जिसने देर शाम तक नहर में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि, युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने के कारण अभियान रोक दिया गया। मंगलवार को फिर से तलाश अभियान शुरू किए जाने की संभावना है। पुलिस ने बताया कि एसडीआरएफ की मदद से युवक की तलाश जारी है। शव की खोज के लिए नहर के आगे के हिस्सों में भी अभियान चलाया जाएगा।
Source link
बकरी बचाने के प्रयास में युवक नहर में डूबा:कुशीनगर में SDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन, नहीं मिला सुराग