महराजगंज DM ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय में शिक्षा और सुविधाओं:शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन और निर्माणाधीन कार्यों की स्थिति परखी


महराजगंज को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सदर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन, स्वच्छता और निर्माणाधीन कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही, संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अलग-अलग कक्षाओं में पहुंचे। उन्होंने छात्राओं से पाठ्यक्रम और सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके पढ़ाई के स्तर को जांचा। ज्यादातर छात्राओं द्वारा संतोषजनक उत्तर दिए जाने पर उन्होंने शिक्षकों की तारीफ की। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और छात्राओं को नियमित पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्यालय के किचन और डाइनिंग हॉल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं के साथ शाम का नाश्ता भी किया और भोजन की गुणवत्ता जांची। व्यवस्थाएं ठीक पाए जाने पर उन्होंने स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता के मानकों को लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए। छात्रावास के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बालिकाओं के रहने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कमरों में पर्याप्त हवा और साफ-सुथरा माहौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। विद्यालय परिसर में बन रहे कंप्यूटर लैब का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने काम की प्रगति और गुणवत्ता देखी। उन्होंने ठेकेदार को तय मानकों और गुणवत्ता के हिसाब से निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *