कुशीनगर में नारायणी-नदी में डूबे दो बच्चों के शव मिले:30 घंटे चला सर्च ऑपरेशन, 10 बच्चे नदी में नहाने गए थे; दो डूब गए


कुशीनगर के बरवापट्टी थाना क्षेत्र में नारायणी नदी में डूबे दो बच्चों के शव करीब 30 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिए गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए करीब 10 बच्चे लक्ष्मीपुर बंधा के पास नारायणी नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान पांच बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर नदी किनारे जाली निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। उनकी मदद से तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन भवानीपुर निवासी पवन (10) पुत्र विजय और शिवम (11) पुत्र सुखराज नदी की तेज धारा में बहकर लापता हो गए। सूचना मिलते ही बरवापट्टी पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से तलाश अभियान शुरू किया। लगातार करीब 30 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों बच्चों के शव नदी से बरामद कर लिए गए। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। दोनों बच्चे आपस में घनिष्ठ मित्र थे। गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयंत यादव ने बताया कि पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से लगातार खोज अभियान चलाया। दोनों बच्चों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *