सेंट्रल मार्केट में महिलाओं का धरना जारी:एक महीने बाद भी नहीं निकला समाधान,जनप्रतिनिधियों से भी लगा चुकी गुहार


शास्त्रीनगर सेक्टर-3 और सेक्टर-4 के बीच सेंट्रल मार्केट प्रकरण को लेकर महिलाओं का धरना लगातार जारी है। धरने पर बैठी महिलाओं ने बताया कि उनके आंदोलन को एक माह और आठ दिन पूरे हो चुके हैं। वे रोजाना सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक धरना स्थल पर बैठती हैं। उनका कहना है कि आंदोलन के कारण परिवार और बच्चों का जीवन भी प्रभावित हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं शास्त्रीनगर सेक्टर-2 में भी महिलाएं पिछले दो महीने से अपने घरों और दुकानों को बचाने की मांग को लेकर धरने पर बैठी हैं। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि उन्होंने सांसद अरुण गोविल के अनुरोध पर एक सप्ताह के लिए धरना स्थगित कर दिया था, लेकिन इस दौरान न तो कोई ठोस आश्वासन मिला और न ही समस्या के समाधान की दिशा में कोई कार्रवाई हुई। इसके बाद महिलाओं ने दोबारा आंदोलन शुरू कर दिया। धरने पर बैठी महिलाओं का कहना है कि वे अपने प्रतिष्ठानों और मकानों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं। आंदोलन के दौरान महिलाएं लगातार पूजा पाठ का भी सहारा ले रही हैं। कभी हवन, कभी सुंदरकांड पाठ तो कभी रुद्राभिषेक कर वे भगवान से अपने घर और प्रतिष्ठान सुरक्षित रखने की प्रार्थना कर रही हैं। महिलाओं ने मदद के लिए कई जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की थी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने प्रतिष्ठान बचाने की मांग की थी, लेकिन अब तक उन्हें कोई राहत या ठोस मदद नहीं मिल सकी है। महिलाओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होगा और उनके मकानों की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले का समाधान कराने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *