![]()
सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र के भैया बाग सराय फैज-2 निवासी फिरासत अली ने सीजेएम न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसकी किराये की दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये का सामान उठा लिया गया और उसकी दो लाख रुपये की सिक्योरिटी राशि भी वापस नहीं की गई। मामले में पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाया गया है। कोर्ट के आदेश पर दर्ज किया गया है। कोर्ट में दाखिल प्रार्थना पत्र के अनुसार फिरासत अली ने याहिया शाह पक्का बाग निवासी शाहीन पत्नी खालिद से 13 मार्च 2023 को एक दुकान किराये पर ली थी। दोनों पक्षों के बीच किरायानामा भी हुआ था, जो नोटरीकृत बताया गया है। प्रार्थी के मुताबिक उसने दुकान लेते समय दो लाख रुपये सिक्योरिटी के तौर पर दिए थे। फिरासत अली का कहना है कि वह दुकान में कपड़ों का कारोबार करता था। दुकान में करीब चार लाख रुपये मूल्य का कपड़ा, इन्वर्टर, बैटरी, पंखा, कूलर समेत अन्य सामान रखा हुआ था। इसी दौरान उसके भाई की तबीयत खराब हो गई और अस्पताल में भर्ती होने के कारण वह करीब एक सप्ताह तक दुकान पर नहीं जा सका। आरोप है कि इसी दौरान शाहीन, उसके पति खालिद और बेटे अदीब ने कथित रूप से दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखा सारा सामान निकाल लिया। जब वह दुकान पर पहुंचा तो वहां बाकिर नाम का व्यक्ति बैठा मिला। पूछताछ करने पर उसने बताया कि दुकान उसे किराये पर दे दी गई है। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि आसपास के लोगों शाबान पुत्र समीर और अब्दुल मुतलिब पुत्र फुरकान ने उसे बताया कि उन्होंने शाहीन, खालिद और अदीब को दुकान से सामान निकालते देखा था। आरोप है कि विपक्षियों ने सामान अपने उपयोग में ले लिया। फिरासत अली का यह भी आरोप है कि जब उसने अपने सामान, सिक्योरिटी राशि और किरायानामे के संबंध में बातचीत की तो विपक्षियों ने उसे धमकाते हुए कहा कि दोबारा इधर दिखाई दिया तो जान से मार देंगे। साथ ही रुपये और सामान वापस करने से भी इनकार कर दिया। प्रार्थी ने न्यायालय को बताया कि उसने 16 दिसंबर 2025 और 1 जनवरी 2026 को भी शिकायत दी थी, लेकिन थाना मंडी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उसने न्यायालय में धारा 173(4) बीएनएसएस के तहत प्रार्थना पत्र दाखिल कर मुकदमा दर्ज कर विवेचना कराने की मांग की। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
मकान मालिक ने 4 लाख का सामान…2 लाख सिक्योरिटी हड़पी:सहारनपुर में 3 पर FIR, जान से मारने की धमकी का आरोप