मोहन भागवत की शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव प्रकरण:फिरोजाबाद में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज


फिरोजाबाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत की मौजूदगी वाली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव के मामले में फिरोजाबाद में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह घटना गुरुवार शाम फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन के बाहरी क्षेत्र स्थित पेमेश्वर गेट के पास हुई, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार की तहरीर पर रेलवे एक्ट की धारा 152 के तहत यह मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर के अनुसार, गाड़ी संख्या 12003 स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के ई-1 कोच में बर्थ संख्या 53 और 54 के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन गुजरने के दौरान पत्थर फेंका। इससे कोच की खिड़की का बाहरी शीशा टूट गया। घटना के समय संघ प्रमुख मोहन भागवत इसी कोच में यात्रा कर रहे थे। हालांकि, वह पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई। इस घटना के बाद तत्काल ही रेलवे स्टेशन पर चेकिंग शुरू कर दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे, जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस के अधिकारी सक्रिय हो गए। शुक्रवार को मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी आगरा एस.के. भगत, डीआईजी शैलेश पांडे, एसएसपी आदित्य लांग्हे और डीएम संतोष कुमार शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जांच की प्रगति की जानकारी ली और पेमेश्वर गेट व आसपास के क्षेत्र का मुआयना कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीमें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार को सौंपी गई है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही आरोपित की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *