![]()
पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान रामपुर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पहली बार स्थापित की गई पुलिस हेल्प डेस्क और निःशुल्क वाहन सुविधा अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत साबित हुई। रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टेशन पर बनाई गई हेल्प डेस्क के माध्यम से 200 से अधिक परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया। सुबह से ही जिले में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने के मद्देनजर पुलिस, यातायात और फायर विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे। हेल्प डेस्क पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों की जानकारी देने के साथ-साथ उनके लिए वाहनों की व्यवस्था भी कराई, जिससे वे समय पर अपने केंद्रों तक पहुंच सके। अभ्यर्थियों ने इस पहल की सराहना की। मुरादाबाद से परीक्षा देने पहुंची मीनाक्षी ने बताया कि नए शहर में परीक्षा केंद्र ढूंढ़ना चुनौतीपूर्ण हो सकता था, लेकिन हेल्प डेस्क की सहायता से उन्हें समय पर केंद्र तक पहुंचने में मदद मिली। वहीं अभ्यर्थी राजेश ने भी व्यवस्था को सराहनीय बताते हुए कहा कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के विशेष इंतजाम परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की। थाना सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक ओंकार सिंह के नेतृत्व में मुर्तजा इंटर कॉलेज के आसपास की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद कराया गया। दुकानदारों ने प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग किया। इसके अलावा पॉलिटेक्निक कॉलेज, आश्रम पद्धति विद्यालय समेत अन्य परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर दायरे में भी दुकानों को अस्थायी रूप से बंद रखा गया। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़भाड़ और जाम की स्थिति को रोकना था, ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो। प्रशासन की सुरक्षा, यातायात और हेल्प डेस्क की संयुक्त व्यवस्था के चलते पुलिस भर्ती परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुआ।
Source link
रामपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट:हेल्प डेस्क और निःशुल्क वाहन सुविधा से 200 से अधिक अभ्यर्थियों को मिली राहत, सुरक्षा के लिए दुकानें बंद