कानपुर में महिला डॉक्टर पर कार चढ़ाने की कोशिश:कल्याणपुर में पैसों के विवाद पर हंगामा, थाने पहुंचे दोनों पक्ष


कानपुर,कल्याणपुर थाना क्षेत्र में क्लीनिक के इंटीरियर कार्य के भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार देर रात बड़ा बवाल बन गया। स्थानीय लोगों ने एक महिला चिकित्सक पर कार से लोगों को कुचलने का आरोप लगाया, जबकि गुस्साई भीड़ ने चिकित्सक की कार में तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंच गए और एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। देर रात तक थाने में दोनों पक्षों का जमावड़ा लगा रहा। घटना से जुड़े कई वीडियो भी सामने आ रहे हैं।

तीन हजार रुपए का विवाद बना बवाल कल्याणपुर के केशवपुरम निवासी संजय यादव “आरुष इंटीरियर” नाम से फर्म संचालित करते हैं। उन्होंने केशव वाटिका के पास स्थित महिला चिकित्सक डॉ. मधुलिका शुक्ला के एक अन्य क्लीनिक में करीब डेढ़ लाख रुपये का इंटीरियर का कार्य किया था। वहीं इलेक्ट्रिशियन राज का लगभग तीन हजार रुपये का भुगतान अलग से होना था। आरोप है कि शुक्रवार को राज ने अपने भुगतान के लिए डॉ. मधुलिका को फोन किया, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद राज ने संजय यादव को पूरी बात बताई। संजय ने राज को अपने पास से भुगतान कर दिया। संजय यादव का आरोप है कि जब उन्होंने इस संबंध में डॉ. मधुलिका से बात की तो उन्होंने अभद्र व्यवहार किया और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस चौकी में तहरीर देकर शिकायत की। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था। आरोप है कि शनिवार को डॉ. मधुलिका ने सोशल मीडिया पर संजय यादव के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के साथ उनका फोटो पोस्ट कर दिया। इससे नाराज होकर संजय यादव ने स्थानीय लोगों के साथ दोबारा पुलिस से शिकायत की। देर शाम मामले को लेकर फिर तहरीर दी गई। बताया गया कि शनिवार देर रात डॉ. मधुलिका अपने साथियों के साथ संजय यादव के घर के बाहर पहुंचीं और वहां का वीडियो बनाने लगीं। इसकी जानकारी मिलने पर संजय यादव और उनके परिवार के लोग बाहर आ गए। इसी दौरान डॉ. मधुलिका, उनकी बहन दीपिका तथा एक अन्य व्यक्ति कार में बैठ गए और वाहन को अंदर से लॉक कर लिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए और कार को चारों ओर से घेर लिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भीड़ से निकलने के प्रयास में चिकित्सक ने कार आगे बढ़ाई, जिससे संजय यादव की पत्नी प्रियंका यादव समेत कुछ लोगों को कुचलने का प्रयास किया गया। आरोपों से नाराज लोगों ने कार पर हमला बोल दिया और वाहन के शीशे व अन्य हिस्सों में तोड़फोड़ कर दी। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें लोगों की भीड़, हंगामा और कार को घेरने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। डीसीपी पश्चिम एस एम क़ासिम अबिदी ने बताया- प्रारंभिक जांच में कार चढ़ाने की बात सत्य नहीं पाई गई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *