![]()
पीलीभीत में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दो अलग-अलग पहचान पत्र बनाकर दो पासपोर्ट हासिल करने वाले एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ की शिकायत पर सेहरामऊ उत्तरी थाने में की गई है। विभागीय जांच के अनुसार, आरोपी युवक ने पहली बार वर्ष 2018 में ‘रविजोत सिंह’ के नाम से पासपोर्ट बनवाया था। इस पासपोर्ट में उसकी जन्मतिथि 5 फरवरी 1998 और माता का नाम जसविंदर कौर दर्ज था। इसके बाद, युवक ने कथित तौर पर अपने पहचान संबंधी दस्तावेजों में हेरफेर किया और वर्ष 2023 में ‘अमन जोत सिंह’ के नाम से दूसरा पासपोर्ट प्राप्त कर लिया। दूसरे पासपोर्ट में नाम बदलने के साथ-साथ जन्मतिथि को 5 फरवरी 2001 और माता का नाम सुखविंदर कौर दर्शाया गया। हालांकि, दोनों ही पासपोर्टों में पिता का नाम सरजीत सिंह समान था। विभाग द्वारा रिकॉर्ड का मिलान करने पर इस धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए, पासपोर्ट कार्यालय ने दोनों पासपोर्टों को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, पीलीभीत पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई थी। थाना अध्यक्ष संजय सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पासपोर्ट अधिनियम-1967 की धारा 12(1)(बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ने अपनी पहचान क्यों बदली और इस फर्जीवाड़े में किसी गिरोह की संलिप्तता है या नहीं।
Source link
पीलीभीत में फर्जी दस्तावेजों से दो पासपोर्ट बनवाए:युवक पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, जांच शुरू