![]()
कानपुर के सचेण्डी थाना क्षेत्र में फल आढ़त के कारोबार के नाम पर आठ लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कारोबारी ने आरोप लगाया है कि भरोसे में लेकर आरोपी ने रकम ट्रांसफर करवाई, लेकिन न तो माल भेजा और न ही पैसे लौटाए। नजीराबाद के लाजपत नगर निवासी अमित गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी “गुप्ता फ्रूट्स” नाम से चकरपुर मंडी में वर्ष 2013 से आढ़त की दुकान है। कारोबार के दौरान उनकी पहचान मछरिया नौबस्ता निवासी मो. इसरार शाह से हुई थी। दोनों के बीच फल कारोबार को लेकर लेनदेन शुरू हुआ। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने भरोसा दिलाया कि वह बाहर से फल का माल भेजेगा और भुगतान बाद में लिया जाएगा। कारोबारी संबंधों पर विश्वास कर अमित गुप्ता ने अलग-अलग तिथियों में आरटीजीएस के माध्यम से आरोपी के खाते में कुल आठ लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। अलग-अलग तारीखों में भेजी गई रकम तहरीर के अनुसार, 8 अक्टूबर 2020 को 2.50 लाख रुपये, 11 अक्टूबर 2020 को 2.50 लाख रुपये, 19 नवंबर 2020 को 1.50 लाख रुपये और 21 नवंबर 2020 को 1.50 लाख रुपये आरोपी के खाते में भेजे गए थे। आरोप है कि पूरी रकम मिलने के बाद भी आरोपी ने कोई माल नहीं भेजा। कारोबारी ने जब रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। आरोप है कि दबाव बनाने पर मो. इसरार शाह ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि “जो करना है कर लो, पैसे वापस नहीं मिलेंगे।” मामले की शिकायत मिलने के बाद सचेण्डी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सचेंडी में फल कारोबार में 8 लाख की ठगी:पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा